जगदलपुर:- जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां अंधविश्वास के चलते दो भाइयों ने गांव के ही एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना दरभा थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।
मृतक की पहचान पखनार गांव निवासी मंगलू मंडावी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव के ही आयतू और सुखराम मड़कामी नामक दो भाइयों को शक था कि मंगलू जादू-टोना करता है। इसी अंधविश्वास के चलते उन्होंने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
घटना गुरुवार 30 अप्रैल की है, जब मंगलू अपने घर के पास आम के पेड़ के नीचे बैठा था। तभी दोनों आरोपी शराब के नशे में वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने मंगलू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

