नारायणपुर:- माओवादियों द्वारा पहले जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक डंप की तलाश में सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी अभियान के तहत नारायणपुर के अदनार क्षेत्र में संयुक्त टीम ने पुराने डंप का पता लगाया है। सर्चिंग के दौरान डंप से 10 राइफल, दो बैरल ग्रेनेड लांचर, 13 जीवित बीजीएल शेल, 16 कारतूस और करीब दो किलो विस्फोटक बरामद किया गया।
29 अगस्त को शुरू हुई थी सर्चिंग
29 अगस्त को नारायणपुर पुलिस और 129वीं वाहिनी बीएसएफ की संयुक्त टीम अदनार क्षेत्र के जंगल में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। ग्राम अदनार के उत्तर-पश्चिम दिशा में जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया पुराना डंप मिला।जवानों ने डंप की तलाशी ली तो उसमें हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री रखी मिली। सुरक्षा बलों ने सभी सामान को बरामद कर लिया।
राइफल और ग्रेनेड लांचर सहित सामग्री मिली
बरामद सामग्री में एक .303 राइफल, चार .315 राइफल और पांच 12 बोर राइफल शामिल हैं। इसके अलावा दो बैरल ग्रेनेड लांचर और एक टेलिस्कोपिक साइट भी मिली है। तलाशी के दौरान 13 जीवित बीजीएल शेल, 12 बोर के 16 कारतूस और करीब दो किलो विस्फोटक भी बरामद किया गया।सुरक्षा बलों के अनुसार, यह डंप माओवादियों ने पहले जंगल में छिपाकर रखा था। क्षेत्र में लगातार चल रहे सर्चिंग और एरिया डामिनेशन अभियान के दौरान ऐसे पुराने डंप सामने आ रहे हैं।पुलिस के अनुसार, पुराने डंप की बरामदगी से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों से जुड़े बचे हुए संसाधनों को हटाने में मदद मिलेगी। इससे जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।
पुराने डंप की तलाश लगातार जारी
माओवादी गतिविधियों से मुक्त हो चुके बस्तर को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा बलों की ओर से जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग की जा रही है। अभियान के तहत उन स्थानों की भी तलाश की जा रही है, जहां माओवादियों ने पहले हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक छिपाकर रखे थे।

