नारायणपुर:- जिला अस्पताल नारायणपुर में उपचार के दौरान 51 साल के मरीज की छत से गिरने के बाद मौत हो गई. मृतक की पहचान डुमरतराई निवासी गऊराम गवांर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि गऊराम पिछले तीन दिनों से जिला अस्पताल में भर्ती था.
मौत के बाद शव को भी स्ट्रेचर और व्हीलचेयर रखने वाली जगह पर रख दिया गया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और संवेदनहीनता के गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब 6 बजे उस समय सामने आई, जब पुलिस ने अस्पताल के सामने मृत अवस्था में उसे पाया. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बेटे को नींद आने के बाद हुई घटना
जानकारी के अनुसार, डुमरतराई निवासी 51 वर्षीय गऊराम पिछले तीन दिनों से जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती था. बताया जा रहा है कि घटना की रात मरीज के साथ उसका बेटा अटेंडर के रूप में मौजूद था. बेटे को नींद आने के बाद मरीज अस्पताल की छत पर पहुंच गया. इसी दौरान वह छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है.
छत तक कैसे पहुंचा मरीज
घटना के बाद मृतक के परिवार ने जिला अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. मृतक के बड़े बेटे का आरोप है कि मरीज की सुरक्षा को लेकर अस्पताल की ओर से पर्याप्त सतर्कता नहीं बरती गई. उसका कहना है कि अटेंडर के सो जाने के बाद मरीज अस्पताल की छत तक कैसे पहुंच गया, यह अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
जिला अस्पताल ने कहा जांच जारी
मामले को लेकर जिला अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. आदित्य केकती ने कहा कि घटना की पूरी जानकारी और परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

