नारायणपुर:- नक्सल प्रभावित इलाके में चलाए जा रहे “माड़ बचाओ अभियान” के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी और निर्णायक सफलता मिली. पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, आईटीबीपी और बीएसएफ की ज्वाइंट टीम ने नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए डम्प से 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार नकद राशि बरामद की. मौके से अत्याधुनिक हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की सामग्रियां बरामद की गई है. ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत सूचना तंत्र की मदद से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
नक्सलियों का खजाना अबूझमाड़ में मिला
केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 31 मार्च 2026 तक राज्य को नक्सलमुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत नारायणपुर जिले में लगातार विशेष नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत पिछले 1 महीने से नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और बीएसएफ के संयुक्त टीमों द्वारा अबूझमाड़ के सुदूर और संवेदनशील इलाकों में सघन सर्चिंग एवं एरिया डोमिनेशन अभियान संचालित किया गया.
खुफिया सूचना के आधार पर मिली सफलता
इस विशेष अभियान के दौरान ग्रामीणों से मिली सूचनाओं और खुफिया तंत्र के आधार पर सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के कई छिपे हुए डम्प का पता लगाया है. संयुक्त कार्रवाई में कुल 1,01,64,000 नकद राशि बरामद की गई. इसके अलावा मौके से AK-47, SLR, 303 और 315 रायफल, 12 बोर बंदूक, देशी कट्टा सहित कई हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस मिले हैं. 31 मार्च 2026 के बाद की ये सबसे बड़ी बरामदगी है.

