कुशीनगर :- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक निजी स्कूल की महिला शिक्षिका ने स्कूल मैनेजर पर छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मैनेजर दिनेश राय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
महिला कसया थाना क्षेत्र की रहने वाली है और रविंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम करती है। शिकायत के मुताबिक, 1 अक्टूबर को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह छात्रों के साथ जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान स्कूल मैनेजर दिनेश राय ने किसी जरूरी काम का हवाला देते हुए उसे रुकने के लिए कहा।
महिला का आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद मैनेजर उसके पास आया और उसका हाथ पकड़कर कथित तौर पर छेड़छाड़ करने लगा। शिक्षिका ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे जान से मारने और शव को नहर में फेंकने की धमकी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मैनेजर ने पुलिस अधिकारियों से अपने संबंध होने की बात कही।
शिकायत मिलने के बाद रविंद्र नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी दिनेश राय को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

