धमतरी:- धमतरी शहर के सोरिद स्थित बागतराई ट्रेंचिंग ग्राउंड में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार आसपास के क्षेत्रों में फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
40 वार्डों का कचरा होता है डंप
जानकारी के अनुसार, धमतरी नगर निगम के सभी 40 वार्डों से प्रतिदिन निकलने वाला कचरा बागतराई स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में डंप किया जाता है। शहर को नौ जोनों में विभाजित कर सफाई व्यवस्था संचालित की जाती है। स्वच्छता समूह की महिलाएं घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करती हैं, जबकि नगर निगम की स्वच्छता गाड़ियां दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कचरा उठाकर इसी डंपिंग स्थल तक पहुंचाती हैं।
भीषण गर्मी के बीच हादसे ने बढ़ाई चिंता
इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगी आग ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पर्याप्त सुरक्षा उपाय और एहतियात नहीं बरते गए, जिसके कारण यह घटना हुई। तेज गर्म हवाओं और अत्यधिक तापमान के चलते छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है।

