सक्ति :- जिले के जैजैपुर विकासखंड के ग्राम तुषार में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब शॉर्ट सर्किट से किसान के घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया और घर में रखा डीजे सेटअप समेत लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।
घटना के वक्त घर के अंदर बच्चे सहित कुल छह लोग मौजूद थे, जो आराम कर रहे थे। अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के मुताबिक, थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि मकान के ऊपर से गुजर रहे जर्जर बिजली के केबल में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी गिरी, जिसने पास में रखे सूखे चारे को आग पकड़वा दी। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन बिजली बंद होने से पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई। वहीं फायर ब्रिगेड को जांजगीर से करीब 60 किलोमीटर दूर से बुलाना पड़ा। टीम के पहुंचने तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।

