रांची:- राजधानी रांची में पुलिस ने आधी रात कचहरी चौक स्थित कोरिंथिया होटल में छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का खुलासा करने का दावा किया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह युवतियों समेत आठ युवकों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने देर रात होटल में अचानक छापेमारी की। इस दौरान होटल के अलग-अलग हिस्सों की जांच की गई और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। कार्रवाई के दौरान एएसपी, कोतवाली सिटी डीएसपी समेत कई थानों के प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की टीम ने होटल में गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की।
होटल मैनेजर और स्टाफ से भी पूछताछ
छापेमारी के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों के अलावा होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पुलिस ने सघन पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में किन परिस्थितियों में ये लोग मौजूद थे और मामले से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं। कार्रवाई के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पूछताछ और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही कथित सेक्स रैकेट से जुड़े आरोपों और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

