जगदलपुर :- नेशनल हाईवे-63 पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा शाम करीब 4:30 बजे तोकापाल स्थित पेट्रोल पंप के सामने हुआ. जहां तेज रफ्तार बाइक और ट्रैक्टर के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. मृतक की पहचान अनिल बघेल निवासी पखनार, विकासखंड दरभा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अनिल किसी कार्य से तोकापाल की ओर आया था. दुर्घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है.

