दुर्ग: कैंप क्षेत्र में दो पक्षों के बीच के बीच हिंसक झड़प हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर पथराव करने लग गए. जिसके बाद छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. बीच बचाव के दौरान छावनी थाना सीएसपी घायल हो गए. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
दो पक्षों में विवाद
घटना सोमवार शाम की है. बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत शारदापारा इलाके में बच्चों के बीच हुए एक मामूली झगड़े से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पत्थरबाजी होने लगी.
पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल
घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस को भी निशाना बनाया. पत्थरबाजी की चपेट में आने से सीएसपी छावनी प्रशांत सिंह पैकरा सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. मौके पर दो एएसपी, 12 थाना प्रभारी और 300 से अधिक पुलिस जवानों को भेजा गया, जिसके बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव अभी भी बना हुआ है.
छावनी थाने का घेराव
स्थानीय व्यक्ति अमित मंगल ने बताया कि इस विवाद के पीछे दो दिन पहले की एक घटना भी वजह हो सकती है. आरोप है कि एक युवक दूसरे समुदाय की युवती को अपने साथ ले गया था, जिसके बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर युवक के खिलाफ दुष्कर्म की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया. इसके बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था, जो बच्चों के विवाद के बाद हिंसा में बदल गया.विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने छावनी थाने का घेराव कर दिया और नारेबाजी करने लगे.
