रायपुर : राजधानी में हॉलिडे बुकिंग के नाम पर लाखों रूपये की ठगी करने वाली महिला समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि पैसे लेकर यात्रियों की बुकिंग न करते हुए रकम को हड़प कर आरोपियों द्वारा ठगी को अंजाम दिया गया था। बता दें कि एम.आई.जी. 45 सेक्टर 4 दीनदयाल उपाध्याय नगर निवासी प्रार्थी रितेश सोनी ने न्यू राजेन्द्र नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया था कि उसका स्वयं का एक्रॉस ओसियन हॉलिडे के नाम से स्पार्क प्लाजा के प्रथम तल पर ट्रेवल्स एजेंसी का कार्यालय है।
प्रार्थी भारत देश एवं अन्य देशो में यात्रा करने वाले लोगो के लिये रूकने एवं घूमने की व्यवस्थाओ का कार्य करता है। जिसके कारण प्रार्थी का इस काम से जुड़े देश एवं विदेश में ट्रेवल एजेंटो सें संपर्क है। प्रार्थी द्वारा दिल्ली स्थित युग हालीडे के संचालक कंचन कश्यप एवं अनिल शर्मा के साथ नेपाल, सिंगापुर एवं कश्मीर जाने वाले यात्रियों के लिये विभिन्न दिनांको में बुकिंग कर कुल 3 लाख 39 हजार 900 रूपए कंचन कश्यप एवं अनिल शर्मा के बताये अनुसार ऑनलाईन नेट बैकिंग के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजा था
लेकिन उनके द्वारा उक्त राशि से यात्रियों की बुकिंग न करते हुए बुकिंग की रकम को हड़प कर प्रार्थी के साथ ठगी की गई है। जिस पर आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध दर्ज कर जांच में लिया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी अनिल शर्मा 41 वर्ष और कंचन कश्यप 28 वर्ष को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

