गौरेला पेण्ड्रा मरवाही:- छत्तीसगढ़ के गौरेला पेण्ड्रा मरवाही में गोली चलने से सनसनी फैल गई है। कोटमी गांव के भरे बाजार में मंगलवार को हुई गोलीबारी में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की मौत हो गई है। लूटेरों ने लूट के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
लूट के इरादे से आए थे बदमाश
मिली जानकारी के अनुसार, पेण्ड्रा निवासी प्रदीप सोनी (उम्र लगभग 50 वर्ष), जो पेशे से ज्वेलरी व्यवसायी (सराफा व्यापारी) थे, वे कोटमी गाँव के बाजार में दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से उन पर हमला कर दिया। लुटेरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने भीड़भाड़ वाले भरे बाजार में ही व्यवसायी पर कट्टा तान दिया और गोली चला दी।बताया जा रहा है कि लुटेरों ने पहले व्यवसायी से ज्वेलरी (सोने-चांदी के जेवर) लूटे और फिर उन्हें गोली मार दी।
चश्मदीदों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले तीन लोग थे, जो एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। वारदात के तुरंत बाद तीनों मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें आनन-फानन में लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई थी। लेकिन घाव गहरा होने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

