रायपुर : पंजाब में खालिस्थान समर्थक अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार उसकी खोजबीन कर रही है। वहीँ उसके समर्थन में लंदन से लेकर पंजाब सहित कई अन्य राज्यों में आंदोलन भी किये जा रहे हैं। राजधानी रायपुर में भी उसके समर्थन में और उसके विरुद्ध हो रही कार्यवाही के विरुद्ध में कुछ समर्थकों ने रैली निकाली थी।
राजधानी पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए आयोजक को अब नोटिस जारी कर दिया है। पुलिस ने कहा कि – दिलेर सिंह रंधावा निवासी श्यामनगर तेलीबांधा समेत सिख समाज के 50-60 लोगों द्वारा तेलीबांधा गुरुद्वारा से पंचशील नगर तक बिना किसी अनुमति एवं पूर्व सूचना के बुधवार शाम पंजाब में अमृतपाल सिंह के विरुद्ध हो रही कार्यवाही के विरोध में रैली निकाली गई थी।
इस रैली के संबंध में थाना सिविल लाइंस द्वारा आयोजक को नोटिस जारी कर आज गुरूवार सुबह 11 बजे तक जवाब देने निर्देशित किया गया है। बता दें, राजधानी रायपुर में सिख समाज ने खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के समर्थन में कल बुधवार को रैली निकाली। रैली तेलीबांधा गुरुद्वारे से निकली थी जिसमे सैकड़ों लोगों की रैली में महिलाएं युवा, बुजुर्ग भी शामिल थे।
समर्थकों ने अमृतपाल को समाज सेवी बताते हुए कि वो पंजाब में नशे के खिलाफ काम कर रहे थे। ड्रग्स माफिया को संरक्षण देने के लिए उन्हें फंसाया जा रहा है। अमृतपाल नशे में डूबे लोगों को सुधार कर धर्म से जोड़ रहे थे। इसीलिए उन्हें भगोड़ा और आतंकवादी घोषित करने की कोशिश की जा रही है।
