बलरामपुर:- एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी बताया कि डवरा चौकी पहुंचकर एक इंसान ने अपने भाई के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत में उसने बताया कि उसका भाई वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम से लापता है. गाड़ी में टमाटर लोड कराने की बात कहकर वह घर से निकला था और 3 अक्टूबर तक घर नहीं पहुंचा. प्रार्थी ने बताया कि उसके भाई की स्कूटी खेत में मिली है. पुलिस ने शिकायत दर्ज की और उसकी तलाश शुरू की.
पस्ता थाना क्षेत्र में 4 अक्टूबर को चिल्मा उबका के जंगल में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर मिला. ये देखते ही लोगों के होश उड़ गए. तुरंत बलरामपुर पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो उसी दिन एक खेत के पास सिर कटी बॉडी मिली. इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज की. वसीम अंसारी के भाई को मौके पर बुलाया गया. कटे हुए सिर और बॉडी की तस्दीक कराने पर उसकी पहचान वसीम अंसारी के तौर पर हुई. मामला हत्या का था, इसलिए पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की.
अवैध संबंध में युवक की हत्या
पुलिस ने हत्या के आरोप में आरोपी दंपति को हिरासत में लिया. पूछताछ में पता चला कि वसीम अंसारी का महिला के साथ अवैध संबंध था लेकिन महिला अब उससे संबंध खत्म करना चाहती थी. वसीम अंसारी महिला पर अवैध संबंध को आगे भी जारी रखने के लिए दबाव बनाता था, जिससे महिला तंग आ चुकी थी. उसने अपने पति को इसकी जानकारी देने के बाद हत्या की साजिश रची और फिर फोन कर वसीम को अकेले सुनसान जगह पर मिलने के लिए बुलाया, जहां उसका पति सोनू खैरवार धारदार कुल्हाड़ी लेकर पहले से मौजूद था. वसीम जैसे ही वहां पहुंचा, आरोपी सोनू ने कुल्हाड़ी से मृतक पर हमला कर दिया. वसीम की मौके पर ही मौत हो गई.
पति पत्नी ने दिया वारदात को अंजाम, सिर को धड़ से अलग कर फेंका
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोनू खैरवार ने पत्नी के साथ मिलकर शव के सिर को धड़ से अलग किया. सिर और धड़ को अलग अलग जगहों पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए.

