कोरबा:- कोरबा जिले के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को अचानक तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई है। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य संबंधित विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया है। आम लोगों के प्रवेश और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
पुलिस ने बैरिकेड लगाकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रोक रखा है, ताकि दमकल और राहत दल बिना किसी बाधा के काम कर सकें। मौके पर मौजूद SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि फैक्ट्री के सभी मजदूर सुरक्षित हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में इससे पहले भी इसी फैक्ट्री में ब्लास्ट की घटना हो चुकी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग पर काबू पाने के बाद प्रशासन घटना के कारणों की जांच करेगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

