बिलासपुर:- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में गणेश उत्सव के दौरान DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गतौरा के जनक पहरी इलाके में दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस हमले में मृतक के परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका सिम्स में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने 14 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कैसे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच गतौरा के जनक पहरी इलाके में गणेश पंडाल में DJ बज रहा था। इसी दौरान DJ पर नाचने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद था। रविवार रात हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार और चाकू समेत धारदार हथियारों से हमला किया। लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट के साथ पथराव किए जाने की बात भी सामने आई है।

