जगदलपुर:- त्यौहारी सीजन शुरू होते ही बस्तर में भी खाद्य सामाग्रियों में मिलावटी का कारोबार शुरू हो गया है. बुधवार को जगदलपुर में खाद्य विभाग की टीम ने 30 से ज्यादा शहर के मिठाई दुकानों में छापेमार की कार्रवाई की, जिसमें नमकीन और खाद्य पदार्थ और इसके अलावा मिठाई बनाने में उपयोग की जाने वाली कच्ची सामग्रियों की बारीकी से जांच की गई.
एक्सपायरी डेट का मिला डालडा
इस दौरान शहर के आड़ावाल में स्थित मिठाई दुकानों का निरीक्षण करने के दौरान खोवा, काजू कतली, सलोनी, कलाकंद पेड़ा के अलावा नमकीन खाद्य सामाग्री, डोडा, बर्फी, बेसन का सेंपल लेकर इसके परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच के दौरान 12 किलो का एक्सपायरी डेट का डालडा और 8 किलो रसगुल्ला को मौके पर ही नष्ट किया गया. इसके अलावा अन्य मिठाई दुकानों के भी मिठाई के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. वही 25 किलो मिठाई नष्ट किये जाने के साथ 10 किलो खोवा अनहाइजीनिक स्थिति में रखे पाए जाने पर उसे तुरंत मौके पर नष्ट किया गया.
दिवाली पर खाद्य विभाग अलर्ट
जिला खाद्य निरीक्षक ने बताया कि लगातार टीम के द्वारा शहर के मिठाई दुकानों में सतत निरीक्षण के करने के साथ कार्रवाई भी की जा रही है. 5 से अधिक मिठाई दुकानों को नोटिस भी जारी किया गया है. साथ ही मिठाई पर लगी चांदी की वर्क की भी जांच की जा रही है. कई जगह से सैंपल लेकर इसे प्रयोगशाला भेजा गया है. खाद्य निरीक्षक का कहना है कि जांच में किसी तरह की खाद्य सामग्री खराब पाए जाने पर सम्बंधित दुकानों को सील करने की भी कार्यवाही की जाएगी.

