बालोद :- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने रेलवे ट्रैक पर कूदकर अपनी जान दे दी। यह घटना डौण्डी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोटूलमुण्डा के पास दल्ली राजहरा-भानुप्रतापपुर रेलवे ट्रैक पर हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान 16 वर्षीय नाबालिग लड़की लिलिसा उइके, निवासी ग्राम साल्हे, और 20 वर्षीय युवक जितेश्वर, निवासी ग्राम कुम्हालोरी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और इसी के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक-युवती एक दिन पहले अपने-अपने घरों से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन अगले ही दिन उनकी लाश रेलवे ट्रैक पर मिलने से परिवारों में कोहराम मच गया।
घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों उसी वाहन से वहां पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद डौण्डी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

