महासमुंद :- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सिंघोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेट्टा कार में बनाए गए सीक्रेट चेंबर से 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में बिहार के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, कार और मोबाइल फोन सहित कुल 25.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से एक जेट्टा कार के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी कर संदिग्ध जेट्टा कार को रोका। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान श्रवण यादव (39 वर्ष) निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में बताई।
वाहन की गहन तलाशी के दौरान पुलिस को कार की डिक्की में विशेष रूप से बनाया गया सीक्रेट चेंबर मिला। जब चेंबर खोला गया तो उसमें छिपाकर रखे गए 18 पैकेटों से कुल 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा के मदन रामपुर से गांजा लेकर रायपुर पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 18.97 लाख रुपये मूल्य का गांजा, लगभग 6 लाख रुपये की जेट्टा कार तथा 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 25 लाख 2 हजार रुपये आंकी गई है।

