बीजापुर:- बस्तर के जंगलों में माओवादी हिंसा का प्रभाव घटने और शांति लौटने के साथ बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। इसी बदलते माहौल के बीच अब जंगलों में अवैध गतिविधियों की नई चुनौती भी सामने आने लगी है।
बीजापुर के रैगुड़ा जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय जुए के बड़े जमावड़े पर पुलिस ने छापा मारकर तीन राज्यों के 156 लोगों को पकड़ा है। मौके से 20 लाख एक हजार 200 रुपये नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जिले में जुए के खिलाफ इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है।
दूसरे राज्यों से भी पहुंचे थे लोग
मामला थाना भद्राकाली क्षेत्र के ग्राम रैगुड़ा के जंगल का है। यहां मुर्गा बाजार में मुर्गा लड़ाई के नाम पर लाखों रुपये का दांव लगाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से बड़ी संख्या में लोग चारपहिया वाहनों से यहां पहुंचे थे।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की। जुआरियों के भागने के संभावित रास्तों को पहले ही बंद कर दिया गया। इसके बाद चारों ओर से घेराबंदी कर मौके पर मौजूद 156 लोगों को पकड़ लिया गया।
लोग यहां आने से भी डरते थे
पुलिस ने सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई की है। थाना भद्राकाली में अपराध दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि बीजापुर के सीमावर्ती तारलागुड़ा, भद्राकाली और भोपालपटनम क्षेत्रों में कभी माओवादी हिंसा चरम पर थी, और लोग यहां आने से डरते थे।

