बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दशहरा उत्सव के बाद आपसी रंजिश को लेकर जमकर विवाद हो गया। मंगला इलाके में कुछ युवकों पर घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ डंडे से मारपीट करने का आरोप है। घटना में दो महिलाओं और तीन युवकों को चोटें आई हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आपसी रंजिश में घर में घुसकर हमला
जानकारी के मुताबिक, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला इलाके का है। मंगलवार रात आपसी रंजिश को लेकर मोहल्ले के कुछ युवकों ने एक घर में घुसकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए घर में मौजूद महिलाओं और पुरुषों की डंडे से पिटाई की। बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला के साथ भी मारपीट की गई।विवाद बढ़ने पर आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। घटना में पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस थाने में उन पर समझौता कर मामला दबाने का दबाव बनाया गया।वहीं, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

