रायपुर:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टाटीबंध इलाके में तीन साल की बच्ची के साथ कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में आमानाका थाना पुलिस ने परमानंद ध्रुव नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रायपुर एम्स में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था।
पड़ोस में खेलने गई थी बच्ची
पुलिस के मुताबिक, घटना आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध इलाके की है। तीन साल की बच्ची पड़ोस में खेलने गई थी। इसी दौरान वह कथित तौर पर आरोपी के घर पहुंच गई, जहां उसके साथ यौन शोषण किए जाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।
रात 2 बजे पुलिस ने दबोचा
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रात करीब 2 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान परमानंद ध्रुव के रूप में हुई है, जो टाटीबंध के आसपास का रहने वाला बताया गया है।
पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

