जगदलपुर:- बस्तर जिले के कोहकापाल पंचायत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया. यहां गड़ा धन पाने के लालच में 12 साल के बालक पर कथित तौर पर तंत्र विद्या किए जाने का आरोप 2 लोगों पर लगा है. बालक आरोपियों के चंगुल से बचकर निकलने में कामयाब रहा, जिससे एक बड़ी घटना होते-होते रह गई. कोहकापाल की घटना के बाद गांव में पंचायत भी बुलाई गई. वहीं अब बस्तर पुलिस ने मामले में पुलिस ने 2 नामजद आरोपियों और एक बाबा के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
तंत्र-मंत्र के चक्कर में करने वाले थे अपराध
परिजनों का आरोप है कि घटना के दिन रात के करीब 10 बजे बच्चा घर से अचानक गायब हो गया. बच्चे की दादी उसके आने और उसके साथ खाना खाने के इंतजार में बैठी थी. काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं आया तो परिजनों को उसकी चिंता हुई. इसी बीच पता चला कि बच्चा 2 लोगों के साथ गांव में जाते हुए दिखाई पड़ा है. जिसके बाद गांव के लोगों ने संबंधित दोनों लोगों को फोन किया, जिनके साथ बच्चा देखा गया था. दोनों संदिग्धों ने फोन पर परिजनों को गोलमोल जवाब देकर टालने की कोशिश की. इसी रात करीब साढ़े 11 बजे बच्चा अपने आप घर पहुंच गया.
परिजनों के फोन से बच गई बच्चे की जान
बच्चे ने घर आकर परिजनों को बताया कि गांव के ही 2 लोग उसे लेकर रात के वक्त बरगद पेड़ के नीचे ले गए थे. वहां पर उसकी आंखों के ऊपर काली पट्टी बांध दी गई. फिर उसके माथे पर तिलक लगाया गया ऐसा उसे महसूस हुआ. बच्चे ने बताया कि आंखों पर पट्टी बांधकर उससे पूजा पाठ भी कराया गया. फिर उसे जगदलपुर के किसी खपरे के घर में ले जाया गया, जहां दोबारा उससे पूजा पाठ कराई गई. बच्चे ने बताया कि जब यह सब चल रहा था, तब दोनों लोगों के पास किसी का कॉल लगातार आ रहा था. जिसके बाद वो लोग बच्चे को वहां पर छोड़कर चल गए. जिसके बाद बच्चा वहां से निकला और अपने घर किसी तरह से पहुंचा.
परिजनों का आरोप
परिजनों का कहना है कि घटना सामने आने के बाद गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी. पंचायत में दोनों कथित आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया. जिसके बाद पंचायत की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर परिजनों ने नगरनार थाने में शिकायत की. लेकिन शुरुआती दौर में कार्रवाई नहीं हुई. जिसके बाद एसपी कार्यालय का रुख करना पड़ा.

