बिलासपुर:- चकरभाठा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोनी और मगरउछला के बीच बने एनीकट को पार करते समय दो भाई अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में गिर गए। हादसे में मगरउछला निवासी 58 वर्षीय किसान तीजाराम केंवट अरपा नदी में बहकर लापता हो गए, जबकि उनके छोटे भाई बबलू ने एनीकट की रेलिंग में फंसकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। दोनों भाई मस्तूरी-कोनी की ओर से अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान एनीकट के ऊपर से बह रहे तेज पानी के बीच उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों नदी में गिर पड़े। बबलू रेलिंग के सहारे सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन तीजाराम तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद बबलू ने गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। देखते ही देखते एनीकट के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण ग्रामीण नदी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से लापता किसान की तलाश शुरू की। टीम ने नदी में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक तीजाराम का कोई सुराग नहीं मिल सका।

