बलरामपुर :- बलरामपुर जिला मुख्यालय में मंगलवार को कलेक्टोरेट स्थित नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय में ACB की टीम ने दबिश देकर मैनेजर को रंगे हाथों अरेस्ट किया.मैनेजर पर बिल के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी को मिली थी.
बिल भुगतान के एवज में रिश्वत लेते प्रबंधक रंगे हाथों गिरफ्तार
अंबिकापुर की शिवराज सिंह फर्म ने नागरिक आपूर्ति निगम बलरामपुर में ट्रांसपोर्टिंग का काम किया था. इस कार्य का लगभग 11 लाख 30 हजार रुपये का बिल बकाया था. इस बिल का भुगतान विभाग की ओर से किया जा चुका था. लेकिन भुगतान देने के बदले मैनेजर विद्यासागर गोपाल ने फर्म संचालक से दो फीसदी कमीशन मांगा था. यह कमीशन करीब 22 हजार रुपए बताई जा रही है.
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने की छापेमारी
बिल भुगतान के एवज में कमीशन मांगने की शिकायत फर्म संचालक ने अंबिकापुर में की थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन कराया. सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने मंगलवार को बलरामपुर कलेक्टोरेट पहुंचकर आरोपी प्रबंधक को ट्रैप किया. मैनेजर ने जैसे ही रिश्वत की रकम ली वैसे ही एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया. अब एसीबी की टीम आरोपी मैनेजर के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है. आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा फिलहाल एंटी करप्शन की टीम जांच और कार्यवाही में जुट गई है.

