बिलासपुर:- पचपेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में होने वाले विवाह के लिए दहेज में देने हेतु टीवी खरीदने जा रहे स्कूटी सवार दो दोस्तों को तेज रफ्तार हाईवा ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पचपेड़ी क्षेत्र के लोहर्सी निवासी बरन भानु (50) अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूटी से मल्हार जा रहे थे। परिवार में जल्द ही शादी समारोह होना था और उसी के लिए दहेज में देने हेतु टीवी खरीदने दोनों मल्हार के बाजार जा रहे थे।
इसी दौरान जब वे पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल डायल-112 और पचपेड़ी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान बरन भानु ने दम तोड़ दिया, जबकि बंशी श्रीवास का उपचार जारी है।
पुलिस ने हादसे में शामिल हाईवा को जब्त कर लिया है। हालांकि चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। जिस शादी की तैयारियों के लिए दोनों बाजार निकले थे, उसी सफर ने परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।

