सूरजपुर:- जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोट में 20 वर्षीय युवक की मौत का मामला अब विवादों में घिर गया है. मृतक के दिव्यांग पिता ने बेटे की मौत को हादसा नहीं बल्कि हत्या बताया है. सूरजपुर पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर जांच की मांग की है.
मृतक के पिता ने एसपी से की जांच की मांग
मृतक के पिता अमरसाय ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 22 जून की रात उनका 20 वर्षीय बेटा भीम सिंह घर के बाहर खड़ा था. इसी दौरान गांव का एक युवक बाइक से पहुंचा और उसके साथ विवाद करने लगा. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद युवक और उसके एक अन्य साथी ने मिलकर भीम सिंह के साथ मारपीट की और उसे जबरन बाइक में बैठाकर गांव के ही एक व्यक्ति के घर ले गए.
पीड़ित पिता के अनुसार वहां लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे भीम सिंह की मौत हो गई. इसके बाद घटना को छिपाने के लिए शव को करंट लगने से मौत का रूप देने की कोशिश की गई. मृतक के पिता का आरोप है कि उन्होंने थाना सूरजपुर में शिकायत की थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने की बात कहकर तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई. उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

