सरगुजा :- जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ माइनिंग विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। 10 जून से लागू राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नियमों के तहत सीतापुर क्षेत्र में माइनिंग विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन कर रहे दो हाईवा और बालू से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।
कार्रवाई के बाद तीनों जब्त वाहनों को नियमानुसार सीतापुर थाना परिसर में सुपुर्द कर दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई माइनिंग अधिकारी अनिल कुमार साहू के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व माइनिंग इंस्पेक्टर डॉ. मनोज कुमार ने किया, जबकि सुपरवाइजर सुरेश सिंह सहित विभागीय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
माइनिंग विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार अभियान चलाकर अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर नजर बनाए हुए है। विभाग का कहना है कि एनजीटी के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

