कोरबा :- कटघोरा थाना क्षेत्र के राज ज्वेलर्स में बुधवार दोपहर कट्टे और चाकू की नोक पर दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात हुई है. छुरी इलाके के शॉप में घटना को दोपहर करीब 1 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने ग्राहक बनकर अंजाम दिया. बदमाश कट्टा और चाकू से लैस थे. बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप के कर्मचारियों को डराया धमकाया. लुटेरों ने अंगूठी देखने के बहाने कर्मचारियों की आंख में मिर्च पाउडर झोंका और लूट को अंजाम दिया. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
वेश बदलकर पहुंचे थे लुटेरे
छुरी में हुई लूटकांड के विषय में चौंकाने वाली बात ये भी है कि गिरोह का एक सदस्य सलवार सूट पहनकर महिला की वेशभूषा में दुकान लूटने पहुंचा था.अब यह सस्पेंस बना हुआ है कि लुटेरा पुरुष था या फिर महिला. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लुटेरे ने सलवार सूट पहन कर हुलिया बदलने का प्रयास किया था, जबकि पुलिस की एक थ्योरी यह भी है कि लुटेरों में एक महिला भी शामिल हो सकती है. हालांकि यह सभी बिंदु पुलिस की जांच और लुटेरों के पकड़े जाने के बाद ही स्पष्ट होंगे.
दुकान मालिक ने किया लुटेरे का डटके के मुकाबला
दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने घटना के दौरान साहस दिखाते हुए बदमाशों का हिम्मत से मुकाबला किया. हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने संचालक के हाथ पर दांत से काट लिया. संचालक की बहादुरी और ज्वेलरी दुकान में मौजूद लोगों की भीड़ के डर से घबराए बदमाश ने वारदात में इस्तेमाल कट्टा और अपनी एक बाइक को मौके पर ही छोड़ दिया. भागते समय बदमाशों ने एक अन्य दुकानदार पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया है.ज्वेलरी दुकान के संचालक के संचालक के विरोध के कारण बदमाश हड़बड़ा गए और इसी चक्कर में वह आर्टिफिशियल जेवर को असली सोना समझकर लूट ले गए.
बाइक छोड़कर पैदल ही भागे लुटेरे
जिन लोगों ने बदमाशों को भागते देखा उनके मुताबिक वारदात के बाद दो आरोपी पैदल ही कोरबा की ओर भाग निकले, जबकि तीसरा आरोपी छुरी के तालाब की ओर भागा है. घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है. आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है.
