राजनादगाव :- जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगटा वन चेतना क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में रिसॉर्ट संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्तों के साथ रिसॉर्ट पहुंची थी युवती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी 17 जून की रात अपने पांच से आठ दोस्तों के साथ मनगटा वन चेतना क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में पहुंची थी। अगले दिन सुबह उसकी लाश रिसॉर्ट के कमरे के बाथरूम में मिली।घटना की सूचना मिलते ही सोमनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले में नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर कीरो ने बताया कि युवती के साथ मौजूद उसके दोस्तों से पूछताछ की गई है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
रिसॉर्ट संचालक समेत तीन लोगों पर मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में रिसॉर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी, उसके दो परिचित घनश्याम बेलचंदन और छत्रपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि घनश्याम और छत्रपाल आपस में रिश्तेदार हैं।तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 115(2) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

