बलरामपुर:- चांदो थाना इलाके में पोते ने अपने सगे दादा को मौत के घाट उतार दिया. हत्या के आरोपी पोते को पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया. आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि दादा और पोते के बीच में मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के बाद गुस्से में आकर पोते ने धारदार हथियार से दादा को मौत के घाट उतार दिया.
दादा ने की पोते की हत्या
हत्या की जानकारी प्रार्थिया मुनिया केरकेटा ने चांदो थाने आकर दी. दर्ज रिपोर्ट में मुनिया ने बताया कि उसका पति भुवनेश्वर केरकेटा 7 जून को अपने घर पर था, उसी दौरान मेरे नाती अरुण केरकेट्टा मेरे घर आया. जिसपर पीड़ित ने उससे कहा कि वो न तो नहाता और न ही अपने कपड़े तक धोता है. अपनी शिकायत सुनकर पोते को गुस्सा आ गया. उसने घर में रखे धारदार हथियार से दादा पर जानलेवा वार दिया. ताबड़तोड़ वार की वजह उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों को जब हत्या की खबर लगी तो वो भागकर घर पहुंचे. तबतक आरोपी अरुण करकेट्टा घर से फरार हो चुका था.
चांदो पुलिस ने पकड़ा
मृतक बुजुर्ग भुवनेश्वर की पत्नी की शिकायत पर चांदो पुलिस ने आरोपी पोते के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत अपराध दर्ज किया. घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल दी गई. पुलिस अधीक्षक के द्वारा फरार आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अरुण राजपुर से बरियो की तरफ जा रहा है, जिसपर थाना राजपुर एवं थाना चांदो की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा आरोपी को राजपुर से गिरफ्तार किया गया.

