नई दिल्ली :- आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में विराट कोहली ने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। मैच के बाद कोहली का डांस वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जीत के बाद आरसीबी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर विराट कोहली का डांस वीडियो साझा किया। फ्रेंचाइजी ने लिखा, ‘किंग कोहली का डांस फ्लोर पर मास्टरक्लास।’ वीडियो में कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ जश्न मनाते नजर आए। मैदान पर बल्ले से चमकने के बाद कोहली ने डांस फ्लोर पर भी फैंस का दिल जीत लिया।
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही, लेकिन विराट कोहली एक छोर पर मजबूती से डटे रहे। उन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कोहली की इस कप्तानी जैसी पारी ने टीम की जीत की नींव रखी।
आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। इम्पैक्ट प्लेयर वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों में 31 रन की तेज पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने 15 रन का योगदान दिया। क्रुणाल पांड्या एक रन बनाकर लौट गए। टिम डेविड ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए। आखिर में जितेश शर्मा 11 रन बनाकर नाबाद रहे और कोहली के साथ टीम को जीत तक पहुंचाया।
गुजरात की ओर से राशिद खान ने दो विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, कागिसो रबाडा और अर्शद खान को एक-एक सफलता मिली, लेकिन बाकी गेंदबाज RCB के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके। इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शुभमन गिल 10 और साई सुदर्शन 12 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। जोस बटलर भी 19 रन ही बना सके। निशांत सिंधु ने 20 रन की पारी खेली, जबकि अरशद खान ने 15 रन बनाकर कुछ संघर्ष दिखाया।
मध्यक्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा नाबाद 50 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और गुजरात 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन ही बना सकी। RCB की गेंदबाजी भी जीत की बड़ी वजह रही। रासिख सलाम ने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट झटके। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पांड्या ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

