मध्य प्रदेश:- मऊगंज से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. नईगढ़ी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की और 25 साल के युवक का शव कुएं में मिला है. आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग में दोनों ने आत्महत्या की. लेकिन, शरीर पर मिले चोट के निशान ने मामला संदिग्ध बना दिया है. जानकारी के मुताबिक युवक और लड़की रिश्ते में बाबा-पोती लगते थे और दोनों में लंबे समय से प्रेम संबंध था.बताया जा रहा है कि लड़की हफ्ते भर पहले घर से लापता भी हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी. बाद में पुलिस ने लड़की को बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया था.
दोबारा लापता हो गई थी लड़की
इसके बाद 3 दिन पहले लड़की फिर लापता हो गई और मंगलवार को उसका और उसके प्रेमी का शव कुएं में मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से मोबाइल फोन, सिंदूर और अन्य सामान मिला है, जिससे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है.पुलिस के मुताबिक नाबालिग लड़की और शिवकुमार साके एक ही गांव के रहने वाले थे. वह 19 मई को घर से लापता हो गई थी, परिजनों ने उसे तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला. अगले दिन 20 मई को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई.
घर से करीब 300 मीटर दूर मिला समान
23 मई को पुलिस ने लड़की को बरामद कर परिवार को सौंप दिया. 25 मई की रात वह फिर घर से लापता हो गई. ऐसे में 27 मई को परिजनों को घर से करीब 300 मीटर दूर कुएं के पास लड़की का मोबाइल, सिंदूर और अन्य सामग्री मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
नईगढ़ी थाना और रामपुर चौकी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाश कर दोनों शव बाहर निकलवाया. मृतका के परिजनों ने बताया कि शिवकुमार रिश्ते में लड़की का बाबा लगता था. मृतक शिवकुमार के परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही है.
परिजनों को सौंप दिए गए शव
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं. सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है.

