मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर:- वनमंडल मनेंद्रगढ़ के जनकपुर वन परिक्षेत्र में कुएं में गिरे एक जंगली भालू के रेस्क्यू के दौरान बड़ा हादसा हो गया. ग्राम च्यूल में शनिवार को कुएं से भालू का रेस्क्यू किया जा रहा था, सुरक्षित बाहर निकलने के बाद भालू ने अचानक तीन लोगों पर हमला कर दिया. हमले में 14 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो महिलाओं को हल्की चोटें आईं. घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार ग्राम च्यूल निवासी राकेश के घर स्थित कुएं में एक जंगली भालू गिर गया था. इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. कुएं में सीढ़ी डालकर भालू को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया. इसी दौरान भालू बाहर निकलते ही बेकाबू हो गया और रिहायशी इलाके की ओर भाग निकला.
ग्रामीणों को दी गई थी हिदायत
वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी. पार्क परिक्षेत्र का स्टाफ पहले से रेस्क्यू की तैयारी में जुटा था. ग्रामीणों को पहले ही घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई थी. रेस्क्यू के दौरान भालू दीवार फांदकर निकलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सफल नहीं हो सका. इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने यह समझकर अपने घरों के दरवाजे खोल दिए कि भालू गांव से बाहर निकल गया है. तभी भालू दूसरी ओर से रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया और सामने आए लोगों पर हमला कर दिया.

