धमतरी :- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ सिहावा पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 37 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सिहावा थाना क्षेत्र में की गई। मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान सांकरा से झरिया बाहरा मार्ग पर गहना सियार मोड़ के पास एक कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार से अलग-अलग पैकेटों में रखा गया गांजा बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा के भवानी पटनम से गांजा लेकर महाराष्ट्र के नासिक जा रहे थे। हालांकि, सिहावा पुलिस की सतर्कता के चलते उनके मंसूबे नाकाम हो गए और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि सिहावा पुलिस द्वारा पिछले कुछ दिनों में लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। दो दिन पहले ही सांकरा में वन विभाग के हाईटेक बैरियर के पास पुलिस ने एक कार से 50 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त कर महाराष्ट्र के तीन आरोपियों को पकड़ा था।इसके अलावा, कुछ दिन पूर्व इसी नाके पर वन विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया था, जिसे बाद में पुलिस के सुपुर्द किया गया।

