बिलासपुर:- राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी फंड के नाम पर एक निजी सलाहकार से 82 लाख 63 हजार 194 रुपए की ठगी करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है.
राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताकर बढ़ाई पहचान
सरकंडा पुलिस के मुताबिक, सरकंडा क्षेत्र के श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की से पहचान हुई थी. आरोपी महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से करीबी संपर्क होने का दावा किया. जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर उसने प्रार्थी का विश्वास हासिल किया. इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को राजनीति में रुचि का फायदा उठाते हुए राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा दिया.
रुपये मांगने पर धमकी और ब्लैकमेलिंग
पुलिस के अनुसार, पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी और उसके परिचितों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों से रकम ली गई. इसके अलावा नकद राशि भी ली गई. कुल मिलाकर 82,63,194 रुपए लिए गए. वही प्रार्थी द्वारा रकम वापस मांगने पर आरोपी द्वारा कथित रूप से धमकी और ब्लैकमेलिंग किए जाने की बात भी शिकायत में सामने आई है.

