इंदौर:- लसूड़िया थाना क्षेत्र के बापू गांधी नगर में एक युवक ने अपने घर पर फांसी लगा ली। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मासूम बेटी ने अपने पिता को फंदे पर लटका हुआ देखा। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक की शिनाख्त कृष्णा भालेराव (36) पिता बलिराम भालेराव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही लसूड़िया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद से मानसिक तनाव में था पति
परिजनों द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर यह बात सामने आई है कि मृतक अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंधों को लेकर काफी समय से मानसिक तनाव में था। परिजनों के अनुसार कृष्णा की पत्नी रीना की मित्रता खरगोन निवासी रविंद्र मानकर से थी, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी और विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
पति को फोटो वीडियो भेजता था पत्नी का प्रेमी
विवाद का मुख्य कारण रविंद्र द्वारा कृष्णा के मोबाइल पर भेजे जाने वाले फोटो और मैसेज बताए जा रहे हैं। इसके कारण घर का वातावरण लगातार अशांत रहता था। परिजनों ने यह भी बताया कि बीते 16 अप्रैल को भी इसी विषय पर घर में काफी विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी ने मोबाइल से संबंधित फोटो और मैसेज डिलीट कर दिए थे।
पति के साथ हुई थी मारपीट
मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ समय पहले खरगोन में इस विवाद के चलते कृष्णा के साथ मारपीट भी की गई थी। इतना ही नहीं, उस दौरान कृष्णा के विरुद्ध कानूनी मामला भी दर्ज कराया गया था। इन तमाम परिस्थितियों के कारण कृष्णा पिछले कुछ समय से काफी परेशान चल रहा था।
पंद्रह वर्ष पहले हुआ था विवाह
कृष्णा और रीना का विवाह लगभग 15 साल पहले हुआ था। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। कृष्णा पेशे से पेंटिंग का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और पुलिस अधिकारी मामले के सभी तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की छानबीन कर रहे हैं।

