बेमेतरा:- जिले से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते गांव के बीचों-बीच एक शख्स की फरसा मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के चंदनू थाना क्षेत्र के ग्राम भदराली में पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी कन्हैया बंजारे (50) पर गांव के ही बउवा चतुर्वेदी (65) ने फरसा से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना जानलेवा था कि कन्हैया बंजारे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने गांव के चौक में वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही चंदनू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

