नई दिल्ली:- दुनियाभर में ईरान संकट और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी साफ नजर आ रहा है। ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। जिससे पेट्रोल और डीजल महंगे हो गए हैं। पिछले दो हफ्तो में चार बार ईंधन के दाम बढ़ चुके हैं। सोमवार को पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। 15 मई से अब तक पेट्रोल-डीजल करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं। इस तेजी से आम लोगों की जेब पर सीधा असर देखने को मिल रहा है।
आज राहत, पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर
लगातार बढ़ती कीमतों के बीच बुधवार 27 मई को लोगों को थोड़ी राहत मिली है। सरकारी तेल कंपनियों HPCL, BPCL और IOCL ने आज पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी किए हैं। लेकिन कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया। सुबह 6 बजे जारी अपडेट के अनुसार सीएनजी के दाम भी स्थिर रहे। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें फिलहाल 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे बनी हुई हैं। इससे उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी फिलहाल रुक सकती है।
बड़े शहरों में पेट्रोल के ताजा रेट
देश के बड़े शहरों में पेट्रोल की कीमतें अभी भी काफी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल का भाव 111.21 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 113.47 रुपये पहुंच चुकी है। जबकि चेन्नई में यह 108.20 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण लोगों का ट्रैवल बजट भी प्रभावित हो रहा है और वाहन चलाना महंगा पड़ता जा रहा है।

