उत्तर प्रदेश:- शाहजहांपुर में महिला से मिलने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों द्वारा पकड़ने और एक युवक को पेड़ से बांधकर कथित तौर पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।घटना खुटार थाना क्षेत्र के महोलिया वीरान गांव की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक एक महिला से मिलने गांव पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया। ग्रामीणों को शक हुआ कि दोनों युवक महिला को अगवा करने के इरादे से आए हैं।
पेड़ से बांधकर पूछताछ का वीडियो वायरल
घटना से जुड़े वायरल वीडियो में एक युवक को रस्सी के सहारे पेड़ से बंधा देखा जा रहा है। आसपास कई लोग मौजूद हैं और युवक से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं।वीडियो में युवक खुद को लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र का निवासी बताते हुए माफी मांगता सुनाई दे रहा है। वह कथित तौर पर कहता है, “हमसे गलती हो गई, दोबारा नहीं आएंगे, हमें माफ कर दीजिए।”पुलिस अब वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
महिला से मिलने पहुंचे थे दोनों युवक
पुलिस के मुताबिक, गांव की करीब 28 वर्षीय महिला की लगभग आठ साल पहले शादी हुई थी। हाल के दिनों में उसकी फोन पर राधे और सोनू नाम के दो युवकों से बातचीत शुरू हुई थी। दोनों युवक महिला के रिश्ते में देवर बताए जा रहे हैं।शुक्रवार को दोनों महिला से मिलने उसके गांव पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई और उन्होंने दोनों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों को था अपहरण का शक
FIR के मुताबिक, ग्रामीणों को संदेह था कि दोनों युवक महिला को अगवा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद कथित तौर पर दोनों को पकड़कर उनके हाथ-पैर बांध दिए गए और उनसे पहचान तथा गांव आने की वजह पूछी गई।इसी दौरान एक युवक को पेड़ से बांधे जाने का वीडियो बनाया गया। पुलिस के अनुसार, बाद में दोनों युवक गांव से भाग गए।
युवकों के खिलाफ अपहरण की धारा में केस
मामले में सोनू और राधे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस FIR के आधार पर मामले की जांच कर रही है और दोनों युवकों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
मारपीट हुई तो ग्रामीणों पर भी होगी कार्रवाई
शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि घटना शुक्रवार दोपहर की है। उन्होंने कहा कि यदि युवकों को पेड़ से बांधकर उनके साथ मारपीट की गई है, तो शिकायत मिलने पर मारपीट करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि मौके पर वास्तव में क्या हुआ था और क्या भीड़ में शामिल लोगों ने युवकों के साथ मारपीट की। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

