उत्तर प्रदेश:- बरेली से रिश्तों को तार-तार करने का मामला सामने आया है. मामला इज्जतनगर इलाके के एक गांव का है, जहां सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने अपनी भांजी को ही हवस का शिकार बनाया. आरोप है कि सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने रिवॉल्वर दिखाकर भांजी को जान से मारने की धमकी दी और कार में उसके साथ रेप किया.
यही नहीं इसके बाद आरोपी, भांजी के घर पहुंचा और उसके माता-पिता को धमकी दी कि ‘ अगर कहीं शादी तय की तो पूरे परिवार को मार दूंगा.’ लड़की ने मामा के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है.
आरोपी ने मदद करने की बात कहकर घर बुलाया
जानकारी के मुताबिक लड़की सीडीएस की तैयारी कर रही है. उसने पुलिस को बताया कि उसके दूर के रिश्ते का मामा सेना से सेवानिवृत्त है, इसलिए एनसीसी की जानकारी लेने के लिए लड़की ने उससे संपर्क किया. आरोपी ने मदद करने की बात कहकर घर बुलाया.
पीड़िता के मुताबिक सितंबर 2025 में लड़की उसके घर गई, तो वहां आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी कर दी. आरोपी की हरकत से परेशान लड़की अपने घर आ गई और किसी को कुछ नहीं बताया. चूंकि, लड़की के पास फोन नहीं था, तो आरोपी उसके परिजनों को कॉल करके लड़की से बात कराने के लिए कहता था.
लड़की के अश्लील फोटो भी खींच लिए
इसके बाद आरोपी दिसंबर में लड़की के स्कूल की ओर से लगाए कैंप के बाहर गया और उसे बुलवा लिया. उसने रिवॉल्वर दिखाकर लड़की को कार में बैठा लिया और जान से मारने की धमकी देकर कार में ही रेप किया. उसने अश्लील फोटो भी खींच लिए.
फिर इस साल जनवरी में पीलीभीत बाइपास पर कार रोककर लड़की को रिवॉल्वर दिखाकर दोबारा रेप किया. 21 मई को आरोपी घर आकर लड़की के परिजनों से बोला कि वह उसी से शादी करेगा. शादी नहीं होने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी.
पढ़ाई में करता रहता था आर्थिक सहायता
गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को बताया कि वह सेना से सेवानिवृत्ति लेकर प्राइवेट नौकरी कर रहा है. उसकी उम्र करीब 40 साल है और आर्थिक स्थिति काफी ठीक है. उसकी रिश्ते की भांजी गरीब परिवार से है. वह उसकी पढ़ाई में आर्थिक सहायता करता रहता था. बाद में उसकी नीयत बिगड़ गई और उसने भांजी के साथ रेप कर दिया. अब वह उससे शादी करना चाहता है. फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

