बालाघाट:- किरनापुर थाना के ग्राम बोंडुदाकला में गुरुवार को सुबह साढ़े नौ बजे एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। खेत में किन्ही के पेड़ पर तोता पकड़ने गए दो किशोरों की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।बताया गया कि जंगली सूअर से फसल को बचाने के लिए खेत मालिक ने फेंसिंग में विद्युत करंट लगाया था, जिसकी चपेट में दोनों किशोर आ गए।
तोता पकड़ने गए थे किशोर, बिजली आते ही हुआ हादसा
पुलिस ने सूचना मिलने पर दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए किरनापुर अस्पताल भेजा गया। ग्राम बोंडुदाकला निवासी उज्जवल (पिता सुरेश शरणागत, 16 वर्ष) और स्नेहल (पिता जयराम पटले, 14 वर्ष) दोनों साथ में गांव के ही टेकचंद इठोले के खेत में तोता पकड़ने के लिए गए थे।
बताया जा रहा है कि सुबह गांव में नौ बजे तक बिजली गुल रहती है और रोजाना साढ़े नौ बजे बिजली आ जाती है। दोनों किशोर जैसे ही तोता पकड़ने के लिए खेत में गए, तभी बिजली आने से करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया।

