छत्तीसगढ़ में चक्रवात के संभावित प्रभाव और खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर नारायणपुर जिले में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं कोंडागांव में भी एक दिन छुट्टी का आदेश दिया गया है। आपको बता दें कि इससे पहले कल ही दंतेवाड़ा जिले में भी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई थी। अब तक बस्तर के तीन जिले, नारायणपुर में दो दिन, दंतेवाड़ा व कोंडागांव में 1-1 दिन स्कूलो में छुट्टी घोषित की जा चुकी है। देर शाम तक अन्य जिलों में छुट्टी का ऐलान किया जा सकता है।


नारायणपुर में दो दिन स्कूल बंद
जिला शिक्षा अधिकारी, नारायणपुर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग की चेतावनी में चक्रवात के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके मद्देनजर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी होने की जानकारी दी गई है।
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में बुधवार, 28 अक्टूबर और गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जारी किया गया है।

