कोयंबटूर:- तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में केरल के पेरिनथलमन्ना क्षेत्र के शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों से भरी एक पर्यटक वैन गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
यह हादसा कोयंबटूर जिले के वालपराई–पोल्लाची हिल रोड पर उस समय हुआ जब वैन पहाड़ी रास्ते के एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। पुलिस के अनुसार, वाहन 13वें हेयरपिन मोड़ से संतुलन खो बैठा और सीधे नीचे 9वें मोड़ के पास गहरी खाई में जा गिरा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के वक्त वैन में कुल 16 लोग सवार थे, जिनमें से 13 की पहचान की जा चुकी है। हादसे में मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाएं जुटी रहीं।
केरल पुलिस लगातार तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस बीच, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

