छतरपुर:- जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र में रविवार को एक मां ने एक वर्षीय बेटे के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मां-बेटे की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीन साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सीमा यादव (25) पत्नी बृजकुमार यादव के रूप में हुई है। सीमा ने एक वर्षीय बेटे अनिकेत यादव को लेकर शेखसेमरा गांव के पास कुएं में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने जब कुएं में मां-बेटे को देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल नैनागिर चौकी पुलिस को सूचना दी।

