थाईलैंड:- राजधानी बैंकॉक के पास एक हाई स्कूल में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 9वीं कक्षा के एक छात्र ने स्कूल परिसर में अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में 3 शिक्षकों और 3 छात्रों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना नोंथाबुरी प्रांत के डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल की है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि स्कूल पहुंचने से पहले आरोपी छात्र ने अपने घर में दादा और दादी की हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस ने दोनों के शव घर से बरामद किए।
जांच में यह भी सामने आया कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई 9 एमएम पिस्टल छात्र के दादा की थी, जो पेशे से शिक्षक थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही स्कूल में गोलियों की आवाज गूंजी, छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिए क्लासरूम में छिप गए। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक-एक कर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस का कहना है कि छात्र ने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस बीच थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने घटना पर गहरा दुख जताया है और घायलों के बेहतर इलाज के साथ पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। थाईलैंड में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद हथियारों की उपलब्धता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मामलों पर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई थी। बावजूद इसके, समय-समय पर ऐसी घटनाएं सामने आने से स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

