मुंबई :- बंगाली फिल्मों की दिग्गज अभिनेत्री मिथु मुखर्जी का सोमवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 वर्ष की थीं और वो लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। अभिनेता-निर्देशक प्रसेनजीत चटर्जी ने यह जानकारी दी। चटर्जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘आज सुबह उनका निधन हो गया और हम सभी बेहद दुखी हैं।’ उनके निधन की खबर के बाद फिल्म जगत की ओर से श्रद्धांजलि का सिलसिला शुरू हो गया।
कैसा रहा उनका करियर
वर्ष 1970 और 1980 के दशक में बंगाली सिनेमा की प्रमुख अभिनेत्रियों में शुमार मुखर्जी ने ‘मरजीना अब्दुल्ला’, ‘स्वयंसिद्धा’, ‘होटल स्नो फॉक्स’, ‘मौचक’, ‘संधि’, ‘फादर’ और ‘आश्रिता’ जैसी फिल्मों में यादगार अभिनय किया। उन्होंने ‘खान दोस्त’ (1976) जैसी कुछ हिंदी फिल्मों में भी अभिनय किया, जिसमें वह शत्रुघ्न सिन्हा के साथ नजर आईं। इसके अगले साल उन्होंने मशहूर फिल्मकार बासु चटर्जी की फिल्म ‘सफेद झूठ’ में भी अभिनय किया।

