जयपुर:- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु एवं सामान्य है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर राज्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। शर्मा ने एक उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों से कहा कि आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए उपलब्धता से लेकर वितरण व्यवस्था की निगरानी रखते हुए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने इसके लिए राज्य एवं जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नागरिक आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्मिकों के अवकाश निरस्त किए जाने के निर्देश दिए। आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी पर विशेष निगरानी रखी जाए।शर्मा ने कहा कि ऐसे समय में अफवाह एवं भ्रामक जानकारी पर भी निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए।

