बेंगलुरु:- कर्नाटक के बेंगलुरु में एक मां-बेटे की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 11 महीने के मासूम अगस्त्य की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई, जिसके बाद उसकी मां प्रतिभा ने खुदकुशी कर ली। यह हादसा चंद्रा लेआउट थाना क्षेत्र के भैरवेश्वर नगर में हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतिका प्रतिभा 29 वर्ष एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करती थीं और घर से वर्क फ्रॉम होम कर रही थीं। गुरुवार शाम वह छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थीं। इस दौरान उनके बेटे अगस्त्य ने खेलते-खेलते बाथरूम में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिरकर डूबकर जान गंवा दी। प्रतिभा अपने बच्चे को बेसुध हालत में पाकर गहरे सदमे में चली गईं।
रात में जब उनके पति महांतेश घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर उन्होंने पाया कि प्रतिभा पंखे से लटकी हुई हैं और अगस्त्य का शव बिस्तर पर पड़ा है। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें प्रतिभा ने लिखा था “मेरे बच्चे की मौत की जिम्मेदार मैं खुद हूं, मैं उसे बचा नहीं सकी इसलिए यह कदम उठा रही हूं।
पुलिस ने बताया कि आत्महत्या से पहले प्रतिभा ने 15 गोलियां खाईं और अपने हाथ की नस काटने की भी कोशिश की थी, लेकिन जब इसमें सफलता नहीं मिली तो उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जान ले ली।

