मेरठ:- उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में स्कूल संचालक की सांप के डसने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि पति को रास्ते से हटाने और 20 लाख रुपये की जीवन बीमा राशि हासिल करने के लिए उसे जहरीले सांप से डसवाया गया। मामले में पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।ये मेरठ की दमिनी और अतुल सिंह हैं। अतुल स्कूल के संचालक थे। अच्छा-खासा परिवार था। अब दामिनी ने ही उजाड़ दिया।
दूध में मिलाई नींद की गोलियां, छोड़ा जहरीला सांप
पुलिस के मुताबिक, हस्तिनापुर क्षेत्र में रहने वाले अतुल पंवार और दामिनी ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था। दोनों मिलकर ‘कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल’ का संचालन करते थे। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि वारदात से एक रात पहले अतुल को कथित तौर पर दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई गईं। इसके बाद दामिनी के कथित प्रेमी तुषार उर्फ निक्की ने अपने दो साथियों सोनू और उदय की मदद से एक जहरीला सांप लाकर अतुल के कंबल में छोड़ दिया। सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई।
मोबाइल जांच से खुला राज
शुक्रवार सुबह अतुल को सांप के डसने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर बिस्तर में सांप मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान दामिनी के मोबाइल फोन से स्कूल के चालक तुषार के साथ लगातार संपर्क के साक्ष्य मिले। पूछताछ में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और हत्या की साजिश रचने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है।
20 लाख के बीमा के लिए हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। आरोप है कि बीमा की रकम मिलने के बाद साजिश में शामिल सोनू और उदय को 5-5 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। पुलिस ने यह भी दावा किया कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने कार से कुचलकर अतुल की हत्या की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गया था।

